चंगेरी ग्राम पंचायत में विकासखंड स्तरीय किसान मेले का आयोजन,किसानों को दी गई योजनाओं व आधुनिक तकनीक की जानकारी

परसपुर, गोण्डा। कृषि सूचना तंत्र के अन्तर्गत विकासखंड स्तरीय किसान मेले का आयोजन ग्राम पंचायत चंगेरी में किया गया। मेले का शुभारंभ उप कृषि निदेशक गोंडा प्रेम कुमार ठाकुर द्वारा चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर किसानों को जानकारी प्रदान की गई। सहायक विकास अधिकारी कृषि डॉ. अनूप सिंह चौहान ने वर्तमान समय में फसलों के उत्पादन हेतु आधुनिक तकनीक एवं रबी मौसम की समसामयिक गतिविधियों पर किसानों को विस्तार से जानकारी दी।

तकनीकी सहायक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन राजेश मिश्रा ने दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादन, उत्पादकता बढ़ाने, विपणन तथा मानव जीवन में दलहन की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। खंड तकनीकी प्रबंधक रोहित सिंह ने मृदा नमूना ग्रहण करने की विधि एवं मृदा स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में किसानों को अवगत कराया।

मुख्य अतिथि उप कृषि निदेशक प्रेम कुमार ठाकुर ने कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं जैसे फार्मर रजिस्ट्री, फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी देते हुए किसानों से प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय वन अधिकारी रामचंद्र सिंह ने कृषि के साथ वानिकी विषयों पर जानकारी दी, जबकि पशुपालन वैज्ञानिक डॉ. अभिषेक मिश्रा ने पशुओं के लिए पशु चॉकलेट एवं पशु चारा निर्माण विषय पर विस्तृत चर्चा की।

कार्यक्रम में कृषि विभाग से श्रीराम राजवंशी, निर्भय तिवारी, श्रीकांत त्रिपाठी, प्रदीप अवस्थी सहित किसान उदय प्रताप, शिव बख्श सिंह, हरिहर, राजकुमार, रमेश कुमार पांडेय, शिव बहादुर, बबलू, राम अभिलाष, शिवनारायण, रमाकांत पांडेय, संजीव कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *