मेंहदावल बाइपास पर फायरिंग, जमानत पर छूटे संतोष को दौड़ाकर मारी गोली; खलीलाबाद पुलिस ने तीन आरोपी दबोचे

संतकबीरनगर। मेंहदावल बाइपास पर सोमवार देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मॉडल शॉप विवाद में जेल भेजे गए और करीब दस दिन पहले ही जमानत पर छूटे संतोष मणि त्रिपाठी उर्फ भोला पर घात लगाए बैठे बदमाशों ने हमला कर दिया। संतोष घरेलू काम से बाइपास क्षेत्र पहुंचा था, तभी हमलावरों ने उसे दौड़ाकर गोली मार दी। वह लगभग दस मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद लोग भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आए। पुलिस और परिजनों की मदद से उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद घायल के पिता काशीनाथ त्रिपाठी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि हमला पूरी तरह पूर्व नियोजित था। उनके अनुसार रणवीर सिंह उर्फ आलोक सिंह, अमन सिंह, विवेक उर्फ लल्ला शुक्ला तथा कुछ अन्य व्यक्तियों ने संतोष को गाली-गलौज करते हुए गोली मारकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

एसपी संदीप कुमार मीना, एएसपी सुशील कुमार सिंह और सीओ अजय सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय की टीम ने 24 घंटे के भीतर तीन नामजद आरोपियों—रणवीर सिंह उर्फ आलोक सिंह, अमन सिंह और विवेक उर्फ लल्ला शुक्ला—को मोहम्मदपुर कठार तिराहा, मगहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक .32 बोर पिस्टल मय मैग्जीन, एक जिंदा कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपी पहले से लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और गैंगेस्टर सहित कई गंभीर मामलों में अभियुक्त रह चुके हैं। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और हमले की वजह की भी जांच कर रही है, जबकि घायल संतोष की हालत पर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चिकित्सकों की निगरानी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *