प्रेम प्रसंग में घर से भागने की घटनाओं की रोकथाम पर 10 दिवसीय जागरूकता अभियान

अलीगंज से शुरू हुआ ‘ऑपरेशन जागृति’ फेज़-5

अलीगंज उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा एडीजी आगरा ज़ोन के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन जागृति – फेज़ 5 का शुभारंभ रविवार को अलीगंज सर्किल क्षेत्र से किया गया। यह 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान युवाओं में बढ़ते प्रेम प्रसंग के मामलों, घर से भागने की घटनाओं तथा उनसे जुड़े सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों के प्रति लोगों को सचेत करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। यह अभियान 23 दिसंबर 2025 तक लगातार चलाया जाएगा।

अभियान के पहले दिन अलीगंज क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग ने थाना अलीगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिहुता और जुनैदपुर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। पुलिस अधिकारियों ने खुली चर्चा के माध्यम से यह समझाया कि युवावस्था में भावावेश में लिए गए निर्णय, विशेषकर घर से भाग जाना, न केवल बच्चों का भविष्य खराब कर देते हैं बल्कि दोनों परिवारों को लंबे समय तक सामाजिक बदनामी और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

एलोपमेंट केसों की रोकथाम पर विशेष फोकसऑपरेशन जागृति फेज़-5 की थीम एलोपमेंट केसों की रोकथाम रखी गई है। पुलिस विभाग इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए यूनिसेफ के सहयोग से कार्य कर रहा है। ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए एक 12 मिनट की शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें प्रेम प्रसंग के मामलों में जल्दबाज़ी में लिए गए फैसलों के गंभीर परिणामों को सरल भाषा में दर्शाया गया।

इसके साथ ही पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, उसके सही उपयोग तथा दुरुपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में कानून बेहद सख्त है और गलत निर्णय पूरे जीवन को प्रभावित कर सकते हैं।मिशन शक्ति फेज़-5 के तहत हेल्पलाइन की जानकारीइसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज़-5 के अंतर्गत भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मिशन शक्ति केंद्र और एंटी रोमियो स्क्वाड की टीम ने ग्राम मिहुता व जुनैदपुर के अलावा अतरासी अड्डा और बस स्टैंडों पर लोगों को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों और योजनाओं की जानकारी दी।लोगों को पुलिस/इमरजेंसी 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर अपराध 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में बताया गया और आवश्यकता पड़ने पर बिना झिझक इनका उपयोग करने की अपील की गई।

सीओ नीतीश गर्ग ने कहा “एडीजी जोन आगरा के निर्देशन में ऑपरेशन जागृति और मिशन शक्ति फेज़-5 को जनपद से लेकर तहसील और गांव स्तर तक चलाया जा रहा है। आजकल प्रेम प्रसंग के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिसमें बच्चे भावनाओं में बहकर घर से भाग जाते हैं।

इससे दोनों परिवारों को गंभीर सामाजिक और कानूनी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस 10 दिवसीय अभियान का उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों को समय रहते जागरूक करना है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।”अभियान के तहत अलीगंज सर्किल के अन्य थानों—जैथरा, राजा का रामपुर, नयागांव और जसरथपुर—क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक ग्राम पंचायतों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाया जाए।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *