अलीगंज | कस्बा अलीगंज स्थित प्राचीन महाकाली मंदिर पर श्री जय दुर्गा महाकाली सनातन धर्म समिति के तत्वावधान में 68वां मां भगवती का विशाल जागरण अत्यंत भव्य और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ। पूरी रात माता रानी के भजनों, जयकारों और भक्तिमय प्रस्तुतियों से माहौल गुंजायमान रहा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सत्यपाल सिंह राठौर, पूर्व पालिकाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता और अलीगंज एसडीएम जगमोहन गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के प्रदेश सह-संयोजक दिनेश चंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे।
जागरण का शुभारंभ विधि-विधान से पूजन के उपरांत प्रसिद्ध कलाकार बप्पू बाबरा द्वारा गुरुजी की वंदना से किया गया। इसके बाद भगवान गणेश की वंदना प्रस्तुत की गई—
“शिव ने वर ने आदेश दिए, सबसे पहले पूजने लगे गणेश”—जिससे कार्यक्रम की मंगल शुरुआत हुई।
साथ ही भजन “ऐसा वरदान दे मुझको मां शारदा, मैं सदा तेरी महिमा में गाता रहूं” ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

जागरण में आगरा से आईं लक्ष्मी किशोरी जी, वृंदावन की पायल श्याम दीवानी, मेरठ की सुनीता कपूर, बप्पू बाबरा एवं डोली ऑर्केस्ट्रा टीम ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। “मेरे घर आई मां शेरांवाली”, “अम्बे तू है जगदम्बे काली” और “जय अम्बे गौरी” जैसे भजनों पर श्रद्धालु पूरी रात झूमते रहे और “जय माता दी” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आकर्षक काली झांकी भी निकाली गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। झांकी के दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती रही।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। वहीं अन्य अतिथियों ने भी मां भगवती की महिमा का गुणगान करते हुए आयोजन की सराहना की।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह, कोतवाली अलीगंज के थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। कार्यक्रम में भाजपा नेता सूरज सिंह राठौर, अरुण दलपत, सैंकी गुप्ता, राकेश कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंदिर परिसर को भव्य रोशनी और सजावट से सजाया गया था। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में मौजूद रहे। समिति द्वारा सुरक्षा, साफ-

सफाई और अन्य व्यवस्थाओं के भी समुचित इंतजाम किए गए थे।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि यह जागरण पिछले 68 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और हर वर्ष इसकी भव्यता बढ़ती जा रही है। कार्यक्रम के अंत में मां भगवती की आरती और प्रसाद वितरण के साथ जागरण का समापन हुआ। आयोजन की सफलता में समिति के सभी सदस्यों और क्षेत्रीय लोगों का विशेष सहयोग रहा।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
