परसपुर, गोण्डा। थाना परसपुर क्षेत्र के ग्राम शिवनाथ पुरवा सहजौरा में एक युवती के साथ छेड़छाड़, जातिसूचक गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गांव का ही निवासी कप्तान उर्फ हर्षवर्धन मिश्रा फावड़ा लेने के बहाने उसके घर के छप्पर में घुस आया। इस दौरान उसने युवती के साथ छेड़खानी की। जब युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया, तो आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच की जिम्मेदारी सीओ कर्नलगंज को सौंपी गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
