फॉगिंग के दौरान सफाईकर्मी से मारपीट, महिला कर्मी को भी पीटा

— पुलिस पर लापरवाही का आरोप, कर्मचारियों ने ठप किया सफाई कार्य और किया प्रदर्शन


संतकबीरनगर।नगर पंचायत धर्मसिंहवा में सोमवार की देर शाम मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए चल रही फॉगिंग के दौरान सफाईकर्मी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने सफाईकर्मी और उसकी महिला सहयोगी पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया तथा सरकारी फॉगिंग मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया।जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत धर्मसिंहवा में तैनात सफाईकर्मी गोविंद निषाद, निवासी वार्ड नंबर 12 सेवाइचपार उत्तरी, सोमवार की शाम करीब साढ़े चार बजे वार्ड नंबर 1 धर्मसिंहवा दक्षिणी में फॉगिंग का कार्य कर रहे थे।
इसी दौरान वार्ड निवासी केशव प्रसाद पुत्र चिन्नीलाल, उसकी पत्नी सुमित्रा, भाभी पूनम पत्नी वैजनाथ और कुछ अज्ञात लोगों ने फॉगिंग कर्मी पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने फॉगिंग मशीन को जमीन पर पटककर तोड़ दिया और गाली-गलौज करते हुए गोविंद निषाद तथा महिला सफाईकर्मी वैशाली पत्नी विनोद के साथ मारपीट की। पीड़ितों ने बताया कि हमलावरों ने यह धमकी दी कि “अगर दोबारा फॉगिंग करने आए, तो जान से मार देंगे।”

थाने में नहीं हुई सुनवाई

घटना के बाद पीड़ित सफाईकर्मी ने तुरंत थाना धर्मसिंहवा पहुंचकर लिखित तहरीर दी।
आरोप है कि थाने की पुलिस ने न तो तहरीर दर्ज की और न ही कोई कार्रवाई की।
गोविंद निषाद के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उल्टे यह धमकी दी कि यदि तहरीर वापस नहीं ली तो आरोपी पक्ष से शिकायत लेकर उनके खिलाफ SC/ST Act में झूठा मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा।

कर्मचारियों में आक्रोश, धरना-प्रदर्शन शुरू

थाने की लापरवाही से नाराज होकर मंगलवार की सुबह नगर पंचायत के सभी सफाईकर्मी एकजुट हो गए।
उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और सफाई व फॉगिंग कार्य पूरी तरह से ठप कर दिया।
कर्मचारियों ने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक कार्य शुरू नहीं किया जाएगा।

डीएम कार्यालय तक पहुंचा प्रदर्शन

मंगलवार दोपहर कर्मचारियों का आक्रोश और बढ़ गया।
सभी सफाईकर्मी नगर पंचायत से निकलकर जिला अधिकारी कार्यालय (संतकबीरनगर) पहुंचे, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
कर्मचारियों ने मांग की कि पीड़ित सफाईकर्मी को सुरक्षा दी जाए और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।

अधिकारियों की प्रतिक्रिया

इस संबंध में नगर पंचायत धर्मसिंहवा के अधिशासी अधिकारी आशुतोष ओझा ने कहा,

“मामला संज्ञान में है। उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है। दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”

कर्मचारियों की चेतावनी

सफाईकर्मी संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई में देरी हुई, तो प्रदर्शन जिला स्तर पर और भी व्यापक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *