सर्वोत्तम सिंह की ईमानदारी का उदाहरण, बैग लौटाकर जीता लोगों का दिल
अलीगंज। ईमानदारी और मानवता का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए अलीगंज क्षेत्र के एक युवक ने रास्ते में मिला बैग उसके वास्तविक मालिक को लौटा दिया। घटना सोमवार को उस समय प्रकाश में आई जब अमरोली रतनपुर अलीगंज निवासी सर्वोत्तम सिंह पुत्र विनोद राजपूत को सड़क किनारे एक बैग मिला। बैग खोलकर देखने पर उसमें 17,000 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद के सितौली निवासी प्रशांत कुमार पुत्र मुन्नू सिंह यादव किसी कार्य से अलीगंज आए थे, जहां सफर के दौरान उनका बैग कहीं रास्ते में गिर गया। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद भी जब बैग नहीं मिला तो वह चिंतित हो उठे। बैग सड़क पर मोहम्मदाबाद नीम करौली के पास मिला था। बैग में मौजूद दस्तावेजों के आधार पर सर्वोत्तम सिंह ने उसके मालिक से संपर्क स्थापित किया और पूरे सम्मान के साथ बैग उन्हें सौंप दिया।
अपना खोया सामान और नकदी सुरक्षित वापस पाकर प्रशांत कुमार की खुशी का ठिकाना न रहा। उन्होंने सर्वोत्तम सिंह की ईमानदारी की सराहना करते हुए उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया। स्थानीय लोगों ने भी सर्वोत्तम सिंह के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।

उनका कहना है कि जहां आज छोटी-छोटी बातों पर लोग अपना स्वार्थ देखते हैं, वहीं सर्वोत्तम सिंह जैसे लोग समाज में ईमानदारी की सकारात्मक छवि को मजबूत करते हैं। उनके इस कदम ने क्षेत्र में एक प्रेरणादायक संदेश दिया है। इस मौके पर पूर्व प्रधान दिलीप कुमार विनोद कुमार पीसी सतीष कुमार संजीव राजपूत एडवोकेट आदि लोग मौजूद रहे
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
