मतदाता सूची सत्यापन व मैपिंग कार्य में तेज़ी, BLA निभा रहे अहम भूमिका

अलीगंज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार क्षेत्र में मतदाता सूची सत्यापन एवं मैपिंग का कार्य तेज़ गति से चल रहा है। प्रशासनिक निर्देशों के साथ-साथ शासन स्तर से नामित किए गए बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी अपनी भूमिका सक्रियता से निभा रहे हैं। बीएलए बूथों पर जाकर न केवल मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं, बल्कि बीएलओ को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने में भी सहयोग दे रहे हैं।
इसी क्रम में भाजपा जिला महामंत्री एवं बीएलए-1 आशीष राजपूत ने मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने फर्दपुरा, हरसिंहपुर, जुनैदपुर सहित कई मतदान क्षेत्रों का भ्रमण कर मतदाताओं से संपर्क साधा। इस दौरान उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि बीएलओ द्वारा मांगी गई जानकारी सटीक रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि मतदाता सूची में संशोधन, विलोपन तथा नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया निर्बाध रूप से पूरी हो सके।

आशीष राजपूत ने बताया कि मैपिंग कार्य की प्रगति संतोषजनक है और टीम संयुक्त रूप से निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे पूरा करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा मतदाता सूची एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसमें प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम शामिल होना आवश्यक है। हमारी जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटने न पाए और सभी सूचनाएं सही व अपडेट रहें। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बीएलओ व बीएलए को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर सहयोग करें, क्योंकि यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक सशक्तिकरण की बुनियाद है।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
