सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत बहराइच पुलिस / डायल-112 द्वारा चलाया गया दो दिवसीय जन-जागरूकता अभियान

सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत बहराइच पुलिस / डायल-112 द्वारा चलाया गया दो दिवसीय जन-जागरूकता अभियान सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बहराइच पुलिस द्वारा दिनांक 20 एवं 21 दिसंबर 2025 को जनपद में दो दिवसीय व्यापक जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

इस अभियान के अंतर्गत शीत ऋतु के दौरान कोहरे एवं कम दृश्यता के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा नागरिकों में सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करने पर विशेष बल दिया गया। अभियान के द्वितीय दिवस दिनांक 21.12.2025 को जनपद के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों सहित थाना नानपारा, मोतीपुर एवं हरदी थानाक्षेत्र में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान आम नागरिकों, वाहन चालकों, दुकानदारों एवं राहगीरों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, कोहरे एवं कम दृश्यता की स्थिति में सावधानीपूर्वक एवं धीमी गति से वाहन चलाने, नाबालिगों को वाहन न देने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के संबंध में जागरूक किया गया।

इसके साथ-साथ आपात सेवा यूपी-112 (उत्तर प्रदेश पुलिस) की सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के अंतर्गत नागरिकों को यूपी-112 की त्वरित सहायता प्रणाली, डायल-112 के माध्यम से मिलने वाली पुलिस, चिकित्सा एवं अन्य आपात सेवाओं की जानकारी दी गई तथा आपात स्थिति में यूपी-112 का सही व प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

दो दिवसीय अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक एवं एलईडी वैन दल के माध्यम से सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा यूपी-112 की सेवाओं पर आधारित संदेशों का प्रसारण किया जा रहा, जिससे आमजन को सरल एवं प्रभावी तरीके से जागरूक किया जा सके। एलईडी वैन द्वारा विभिन्न स्थानों पर ऑडियो-विजुअल माध्यम से संदेश प्रदर्शित किए गए।

पुलिस टीम द्वारा पम्पलेट वितरित कर सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली जन-धन हानि के संबंध में जानकारी दी गई तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाना एवं आपात सेवा यूपी-112 की उपयोगिता को जन-जन तक पहुँचाना है।

आम नागरिकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। इस अवसर पर स्थानीय पुलिस टीम, डायल-112, यातायात पुलिस, नुक्कड़ नाटक दल एवं एलईडी वैन टीम उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *