गोंडा। जिले के तेज़तर्रार, बेबाक और निष्पक्ष वरिष्ठ पत्रकार तथा दैनिक संदेश वाहक के ब्यूरो जिला संवाददाता ए.आर. उस्मानी का लंबी बीमारी के चलते इलाज के दौरान सोमवार की भोर में लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। ए.आर. उस्मानी के निधन से जनपद ने एक ऐसे पत्रकार को खो दिया है, जिन्होंने हमेशा सच, साहस और निष्पक्षता के साथ पत्रकारिता की।

उनका इस तरह असमय जाना न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे पत्रकारिता जगत के लिए अत्यंत पीड़ादायक और अपूर्णीय क्षति है। उनके निधन की खबर मिलते ही गोंडा समेत मंडल और प्रदेश भर के पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई। मंडल, जिला और स्थानीय स्तर के तमाम पत्रकारों,
समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत श्री उस्मानी गोंडा शहर के समीप स्थित काजी देवर गांव के निवासी थे। सोमवार दोपहर उनका पार्थिव शरीर उनके आवास पर पहुंचा, जहां सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी, राजनेता तथा सामाजिक और शैक्षिक संगठनों से जुड़े लोग पहुंचे। सभी ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। नम आंखों से हजारों लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। ए.आर. उस्मानी का नाम निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के लिए हमेशा स्मरण किया जाता रहेगा।
