
बहराइच.संवाददाता, आकाश मिश्रा
बहराइच. यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ आक्रोश की आग अब जनपद में भी धधक उठी है। अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद और किसान डिग्री कॉलेज के छात्रों ने संयुक्त रूप से मोर्चा खोलते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की प्रदर्शनकारियों ने इस विरोध को “सरकार के खिलाफ जंग” करार देते हुए साफ कर दिया है कि जब तक विवादित बिल वापस नहीं लिया जाता, तब तक यह आंदोलन थमने वाला नहीं है।

बुधवार को भारी संख्या में छात्र और परिषद के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे परिषद के प्रदेश अध्यक्ष डी.के. त्रिवेदी और अधिवक्ता संघ के बाबूराम तिवारी ने सरकार को सीधी चेतावनी दी।

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई छात्रों के भविष्य की है और बिल वापस न होने की स्थिति में यह आंदोलन जल्द ही पूरे प्रदेश में विकराल रूप धारण कर लेगा प्रदर्शन के दौरान छात्रों के नारों ने सभी का ध्यान खींचा। कलेक्ट्रेट परिसर “आई लव यू योगी, यूजीसी रोल बैक” और “योगी तुमसे बैर नहीं, मोदी तुम्हारी खैर नहीं” जैसे नारों से गूँज उठा।
छात्रों का यह कड़ा रुख केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों के प्रति उनकी गहरी नाराजगी को दर्शा रहा है। किसान डिग्री कॉलेज के छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। फिलहाल, ज्ञापन सौंपने के बाद छात्र इस चेतावनी के साथ लौटे हैं कि यह विरोध की केवल एक शुरुआत है।
