अलीगंज में जीएसटी विभाग की छापेमारी से व्यापारियों में हड़कंपकर चोरी की आशंका पर दो प्रतिष्ठानों में अभिलेखों की गहन जांच, जांच जारी

अलीगंज बुधवार को अलीगंज नगर में जीएसटी विभाग की टीम ने कर चोरी की आशंका के चलते औचक छापेमार कार्रवाई की, जिससे पूरे व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जीएसटी विभाग की टीम ने सराय रोड स्थित बाबा श्याम ट्रेडर्स एवं सुधीर ट्रेडर्स पर एक साथ पहुंचकर जीएसटी से संबंधित अभिलेखों की सघन जांच शुरू की

अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के दुकानदारों और व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीएसटी टीम ने प्रतिष्ठानों पर पहुंचते ही बिक्री और खरीद से संबंधित रजिस्टर, बिल-बुक, स्टॉक रजिस्टर, टैक्स इनवॉयस और ऑनलाइन रिटर्न फाइलिंग की स्थिति का बारीकी से सत्यापन किया। टीम ने कंप्यूटराइज्ड बिलिंग सिस्टम की जांच करते हुए दर्ज किए गए बिलों का वास्तविक स्टॉक और कागजी अभिलेखों से मिलान भी किया।

अधिकारियों ने यह भी देखा कि जीएसटी रिटर्न समय से दाखिल किए जा रहे हैं या नहीं तथा इनपुट टैक्स क्रेडिट का सही ढंग से उपयोग किया गया है या नहीं। बताया जा रहा है कि विभाग को इन प्रतिष्ठानों के संबंध में टैक्स अनियमितताओं और संभावित कर चोरी की शिकायतें प्राप्त हुई थीं।

इन्हीं शिकायतों के आधार पर उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। छापेमारी की सूचना जैसे ही बाजार में फैली, कई व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर सतर्क दिखाई दिए और कुछ समय के लिए व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं।

खबर लिखे जाने तक जीएसटी विभाग की जांच प्रक्रिया जारी थी। विभाग की ओर से किसी भी प्रकार की कर चोरी की पुष्टि, जुर्माने या अन्य दंडात्मक कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि कर कानूनों के पालन को सुनिश्चित करने और राजस्व हानि को रोकने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह की औचक जांच और छापेमार कार्रवाई जारी रहेगी।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *