स्कूल के पास ‘जहर’ का ढेर: एक्सपायरी दवाओं का बड़ा खेल बेनकाब, जिम्मेदार कौन? प्रशासन पर उठे सवाल

जांच में कई कंपनियों की दवाएं सामने आईं, जिनमें Ajabia Bio Care का नाम भी चर्चा में है।


मामला अब उत्तर प्रदेश में मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

दिलीप सिंह

अलीगंज क्षेत्र के टीडी स्कूल के पास भरपुरा मोड़ पर कूड़े के ढेर में भारी मात्रा में एक्सपायरी दवाएं, इंजेक्शन, ड्रॉप और सिरिंज मिलने के मामले ने गंभीर स्वास्थ्य खतरे की आशंका पैदा कर दी है। गुरुवार को बरामदगी के बाद शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने जांच तेज करते हुए बैच नंबर के आधार पर पूरी सप्लाई चेन की पड़ताल शुरू कर दी।


ड्रग विभाग के अनुसार बरामद दवाओं के पैकेट और इंजेक्शन पर दर्ज बैच नंबरों से संबंधित कंपनियों, सी एंड एफ एजेंट और डिस्ट्रीब्यूटर्स की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल वेस्ट के निस्तारण को लेकर शासन की स्पष्ट गाइडलाइन है और एक्सपायरी दवाओं को खुले में फेंकना गंभीर उल्लंघन है। दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


जांच के दौरान डाइजापाम इंजेक्शन भी बरामद हुआ, जो नियंत्रित श्रेणी की दवा मानी जाती है और इसके दुरुपयोग की आशंका से प्रशासन सतर्क हो गया है। इसके अलावा “गवा पाल एंटी” नामक टैबलेट की पैकेजिंग पर Ajabia Bio Care कंपनी का नाम दर्ज मिला, जिसका पता पंचकूला, हरियाणा दर्शाया गया है। विभाग इस कंपनी समेत अन्य संबंधित कड़ियों की जांच में जुटा है।


स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मौके से दो दर्जन से अधिक कंपनियों की सैकड़ों दवाइयां मिली हैं, जिनमें एंटीबायोटिक टैबलेट, ड्रॉप, इंजेक्शन और कथित तौर पर नशे में प्रयुक्त होने वाली दवाएं भी शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में अलग-अलग कंपनियों की दवाओं का एक साथ कूड़े में मिलना संगठित रूप से अवैध निस्तारण की आशंका को मजबूत करता है।


स्थानीय लोगों ने बताया कि यह स्थान स्कूल और रिहायशी इलाके के बेहद करीब है, जिससे बच्चों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। संक्रमण फैलने और दवाओं के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है।


फिलहाल ड्रग विभाग बैच नंबर, सप्लाई रजिस्टर और वितरण शृंखला की गहन जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति या संस्थान की पहचान करने में जुटा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कठोर कानूनी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *