
संतकबीरनगर।जनपद के धर्मसिंहवा नगर पंचायत में मंगलवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बैंड-बाजों, जयघोष और भक्ति गीतों के बीच भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसके साथ नौ दिवसीय विष्णु महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो गया। महायज्ञ 25 फरवरी तक चलेगा।मंगलकारिणी काली मां प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं व बालिकाओं ने सिर पर कलश रखकर शोभायात्रा प्रारंभ की। यात्रा पूरे नगर में धार्मिक संदेश देती हुई गौरीराई स्थित दुर्गा मंदिर व हनुमान मंदिर पहुंची। वहां से श्रद्धालु श्रीराम कुटी, बाजार स्थित यमुनेश्वर शिव मंदिर तथा हनुमान मंदिर होते हुए मनसा पोखरे पहुंचे, जहां वैदिक विधि-विधान से जल भरकर यज्ञ मंडप में कलश स्थापना की गई।शोभायात्रा के दौरान भक्तिमय गीतों पर श्रद्धालु झूमते रहे और पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।यज्ञ समिति अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने बताया कि महायज्ञ 25 फरवरी तक प्रतिदिन आयोजित होगा। दिन में वृंदावन से पधारी साध्वी निकुंज मंजरी चंचला देवी प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म व भक्ति का संदेश देंगी, जबकि रात्रि में अयोध्या से आए कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा।इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। प्रमुख रूप से डॉ. सर्वेश्वर पांडेय, कृपाशंकर गिरी, परमहंस मिश्रा, नगीना राय, रामचंद्र मद्धेशिया, विपिन पांडेय, रामनयन सैनी, सुरेश मोदनवाल, शिवकुमार पांडेय, अजय प्रजापति, धर्मेंद्र वर्मा, पुरुषोत्तम पांडेय, गौरीशंकर जायसवाल, घनश्याम पांडेय, विक्की पटवा, वीरेंद्र वर्मा, प्रद्युम्न यादव, कृष्ण चंद्र पटवा, धर्मराज अग्रहरि, कैलाशनाथ वर्मा, उमेश वर्मा सहित सनातन धर्म प्रचार समिति के सदस्य उपस्थित रहे।आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं की सहभागिता ने महायज्ञ को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
