गोंडा: शॉर्ट सर्किट से नानक स्वीट्स के स्टोर में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

3 मंजिला इमारत में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने 1 घंटे में पाया काबू

गोण्डा। शहर के बीचो-बीच करबला रोड स्थित राजा मोहल्ले में सोमवार दोपहर एक विख्यात प्रतिष्ठान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। शॉर्ट सर्किट के कारण श्री नानक स्वीट्स के स्टोर में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजा मोहल्ला निवासी उमेश कुमार के नानक स्वीट्स एवं ओमी कैटर्स की तीन मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर बने स्टोर रूम में दोपहर करीब 12 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग पहले वहां रखे कपड़ों से भड़की और देखते ही देखते मिठाई के डिब्बों और अन्य सामान तक पहुंच गई। मिठाई बना रहे कर्मचारियों ने शुरुआत में आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई। इसके बाद इमारत से घना धुआं निकलने लगा।

फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक स्टोर रूम में रखा लाखों रुपये का सामान, मिठाई के डिब्बे, पैकिंग सामग्री और अन्य सामान जलकर खाक हो चुका था। आग लगने से दो मंजिला बिल्डिंग में अफरातफरी मच गई। आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए।

आग के कारणों की जांच जारी

प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे जनहानि नहीं हुई। लेकिन प्रतिष्ठान को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *