बहराइच। मटेरा थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र झपटने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। बुधवार देर रात क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और थाना मटेरा पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक शातिर अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी रिसिया भेजा। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें कांबिंग कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को गंगोत्री पत्नी सुरेंद्र निवासी सुआगाड़ा, थाना कोतवाली लखीमपुर, अपने फूफा के यहां से वापस घर लौट रही थीं। गुलालपुरवा टोल प्लाजा से पहले बाइक सवार दो बदमाश झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए थे। तहरीर के आधार पर थाना मटेरा में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक बहराइच ने तीन टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे बदमाशों के संबंध में अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी थीं।

बुधवार देर रात मुखबिर की सूचना पर स्वॉट टीम और थाना मटेरा पुलिस ने बिलवा नहर मोड़ के पास संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी असलम मोटरसाइकिल लेकर नानपारा की ओर फरार हो गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब पुत्र मुग्गर निवासी अगपुरवा शेख दाहिर, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, चोरी की होंडा साइन मोटरसाइकिल और पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह कई मामलों में वांछित था।

मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फरार अभियुक्त असलम की तलाश में पुलिस टीमें कांबिंग कर रही हैं। मामले में अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।
