बहराइच में महिला सम्मान समारोह आयोजित, पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण पर दिया गया जोर

बहराइच, 16 अक्टूबर। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत शुक्रवार को महिला थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र में महिला सम्मान समारोह एवं फीडबैक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पारिवारिक विवादों का निस्तारण कराने वाले पक्षकारों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही उनसे परामर्श प्रक्रिया के अनुभव और सुझाव लेकर व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी दुर्गा प्रसाद तिवारी तथा क्षेत्राधिकारी एवं सह-नोडल अधिकारी हर्षिता तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पारिवारिक विवादों के समाधान में आपसी संवाद और परामर्श की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से सुलझाए गए मामलों के लाभार्थियों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर विवादों के निस्तारण के दौरान मिले सहयोग, अनुभवों और सुझावों की जानकारी ली गई। इस अवसर पर लाभार्थियों को फल एवं जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर सम्मानित भी किया गया।
महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित योजनाओं और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताते हुए जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उत्पीड़न, हिंसा अथवा पारिवारिक विवाद की स्थिति में महिलाएं बिना किसी संकोच के पुलिस और परिवार परामर्श केंद्र से संपर्क कर सकती हैं। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम से प्राप्त फीडबैक के आधार पर परामर्श व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इसी क्रम में जनपद के सभी थानों में भी संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पारिवारिक विवादों के निस्तारण से लाभान्वित लोगों को सम्मानित कर उनके अनुभव एवं सुझाव प्राप्त किए गए।
मीडिया सेल, बहराइच
