सड़क किनारे खड़े ऑटो रिक्शा बन रहे जाम का कारण, नगरवासियों ने जिलाधिकारी से की समाधान की मांग
अलीगंज। कस्बे के मैनपुरी तिराहे पर रविवार को भीषण जाम लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहने के बाद जाम खुला और वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका। आए दिन लगने वाले जाम से परेशान नगरवासियों ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मैनपुरी तिराहे पर सड़क किनारे ऑटो रिक्शा खड़े होने से आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। ऑटो चालक सवारियों को बैठाने और उतारने के चक्कर में सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और अन्य वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। देखते ही देखते वाहनों की कतार लग जाती है और यातायात प्रभावित होने लगता है।
जाम के कारण राहगीरों का कीमती समय बर्बाद होता है। वहीं, अव्यवस्थित यातायात के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। नगरवासियों ने मांग की है कि सड़क किनारे ऑटो खड़े करने पर रोक लगाई जाए और उनके लिए निर्धारित स्थान की व्यवस्था की जाए, जिससे लोगों को रोजाना की परेशानी से राहत मिल सके।
एसडीएम ने दिया समस्या के निस्तारण का आश्वासन
इस संबंध में एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी अभी मिली है। संबंधित अधिकारी को अवगत कराकर जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
