संवेदनशील स्थलों और जुलूस मार्गों का लिया जायजा, शांतिपूर्ण विसर्जन के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश

बहराइच। शारदीय नवरात्रि और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने रविवार को नानपारा कस्बे में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
थाना कोतवाली नानपारा क्षेत्र में अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान त्योहारों को देखते हुए किए गए सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जुलूस मार्गों पर निगरानी और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया और त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। पुलिसकर्मियों को अफवाह फैलाने, अराजकता करने या शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी जारी रहेगी।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
