
आक्रोश : पूर्वी सिंहभूम जिला के करनडीह स्थित जमशेदपुर प्रखंड में भाजपाइयों ने बड़ी संख्या में जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, वरिष्ठ नेतागण एवं मंडल अध्यक्ष गण कर रहे थे। झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ यह प्रदर्शन राज्य भर में देखा गया। प्रदर्शन का आरंभ करनडीह चौक से पदयात्रा कर प्रखंड कार्यालय के समक्ष तक किया गया।

इस जोरदार आक्रोश प्रदर्शन में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, भाजपा के वरिष्ठ नेतागण, मंडल अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर आक्रोश प्रदर्शन में शामिल रहे। आक्रोश प्रदर्शन के दौरान भाजपायों ने राज्य सरकार पर सीधा हमला करते हुए आरोप लगाया कि पूरे राज्य में अराजकता का माहौल है। आमजन भय और असुरक्षा में जीने को विवश हैं। प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार और भ्रष्टाचार की घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं।
कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अधिकांश सरकारी योजनाएं सिर्फ कागजों पर चल रही हैं। भ्रष्ट अधिकारियों और बिचौलियों के गठजोड़ के कारण योजनाओं का लाभगरीबों तक नहीं पहुंच पा रहा है। पार्टी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, पेंशन, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आयुष्मान भारत योजना लगभग बंद पड़ी है और अस्पतालों में न डॉक्टर हैं, न दवाएं, न ऑक्सीजन और न एम्बुलेंस की सुविधा।

वृद्ध, विधवा और दिव्यांग पेंशन महीनों से रुकी हुई है, इतना तक खुद लागू की गई मईया योजना भी विफल हो रही है जिससे हजारों लाभार्थी संकट में हैं। ज्ञापन में सरकार पर जातिवाद और नियुक्तियों में अनियमितता का भी आरोप लगाया गया। भाजपा का कहना है कि राज्य सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं और प्रदेश को आर्थिक व सामाजिक रूप से पीछे ले जा रही हैं। पार्टी ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार जनता के हित में ईमानदारी से काम नहीं करती, तब तक भाजपा जनांदोलन के माध्यम से अपनी लड़ाई जारी रखेगी।