अलीगंज। थाना अलीगंज क्षेत्र के कुंचादायम खा निवासी मुदस्सीर उल्लाह खा ने थाने में लिखित तहरीर देकर अपने साथ हुई मारपीट की घटना की जानकारी दी है। तहरीर में उन्होंने बताया कि सोमवार देर शाम वह अपनी दुकान बंद कर भाई मुनासिर उल्ला खा के साथ घर की ओर लौट रहे थे।
जैसे ही दोनों रास्ते में आगे बढ़े, तभी पहले से घात लगाए बैठे फैजान, जुबेर उर्फ राजा और कुछ अन्य अज्ञात लोग अचानक उन पर टूट पड़े। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने बिना किसी कारण लाठी-डंडों और तमंचे की बट से मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान मुदस्सीर उल्लाह खा की आंख और सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही लड़खड़ा गए। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। भीड़ को आता देख आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भागना बेहतर समझा।
स्थानीय लोगों ने घायल को संभाला और घटना की जानकारी परिजनों को दी। घटना के हंगामे में पीड़ित का पर्स भी कहीं गिर गया, जिसमें 5200 रुपये नगद और कई महत्वपूर्ण कागजात रखे हुए थे। पर्स का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
पीड़ित ने बताया कि यह हमला सुनियोजित प्रतीत होता है क्योंकि आरोपी पहले से ही रास्ते में घात लगाए बैठे थे। मुदस्सीर उल्लाह खा की तहरीर पर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है।
