गोण्डा। जिले में होली के त्योहार पर हादसों व मारपीट की घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गोंडा मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में शाम 7 बजे तक कुल 62 मामले सामने आने की जानकारी मिली, जिनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। अस्पताल के वार्ड मरीजों से भर गए हैं। इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर दीपक सिंह ने बताया कि इन 62 मामलों में से 35 मारपीट के और 27 दुर्घटना के थे।

कर्नलगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 40 वर्षीय व्यक्ति की इन घटनाओं में जान चली गई। इसी बीच, गोण्डा-बहराइच मार्ग पर मल्लापुर के पास एक बाइक और टेंपो की टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान संदीप चौहान उर्फ राजू (25), निवासी सबलपुर मथुरा चौबे, नगर कोतवाली थाना क्षेत्र, और उनके जीजा गौतम चौहान (30), निवासी बाबागंज धानेपुर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। दोनों बाइक से अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक टेंपो ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर से वे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से गोण्डा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों ने देहात कोतवाली पहुंचकर अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी है। इस संबंध में कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
