होली व रमजान को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च


बहराइच। होली पर्व एवं रमजान माह को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। रविवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र एवं थाना रिसिया क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त व फ्लैग मार्च किया।


फ्लैग मार्च पीपल तिराहा से घंटाघर चौकी होते हुए शहर के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों तथा थाना रिसिया क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर किया गया। इस दौरान आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल-112 पर देने को कहा गया।


प्रशासन के अनुसार होली को सकुशल संपन्न कराने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के साथ सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
जिला प्रशासन और पुलिस ने लोगों से आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *