कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और सुविधाओं की तैयारी तेजएसडीएम व सीओ ने किया कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

अलीगंज आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अलीगंज प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता एवं क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग ने कांवड़ यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग की संपूर्ण स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। सड़क की स्थिति, मार्ग की चौड़ाई, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था एवं यातायात संचालन को लेकर संबंधित विभागों से विस्तृत जानकारी ली गई। एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर मौजूद गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, कहीं भी अतिक्रमण हो तो उसे तत्काल हटाया जाए तथा नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए। एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु मार्गों से गुजरते हैं, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बिजली के खुले तार, खराब स्ट्रीट लाइट, जलभराव की संभावनाओं और फिसलन वाले स्थानों को चिन्हित कर समय रहते दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्राथमिक उपचार केंद्रों की स्थापना और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त फोर्स लगाई जाएगी। सीसीटीवी कैमरों, मोबाइल पेट्रोलिंग और ड्रोन निगरानी के माध्यम से लगातार निगरानी रखने की बात भी कही गई।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान विकास खंड अधिकारी शिव शंकर शर्मा एवं कोतवाली अलीगंज के एसएसआई जयवीर सिंह भी मौजूद रहे। बीडीओ ने ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरने वाले कांवड़ मार्गों पर पंचायत स्तर से साफ-सफाई, प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। वहीं एसएसआई ने पुलिस विभाग की तैयारियों से अधिकारियों को अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *