अलीगंज (एटा)। क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत संबंधी अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जमीनी स्तर पर हकीकत परखनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में अलीगंज एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने सप्लाई इंस्पेक्टर हरीश रंजन के साथ राजा का रामपुर स्थित अशोक गैस सर्विस एजेंसी और अलीगंज जिससे जीएल गैस एजेंसी का का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एजेंसी पर उपलब्ध गैस स्टॉक, वितरण प्रणाली और अभिलेखों की बारीकी से जांच की गई।

जांच में पाया गया कि एजेंसी पर घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है। वितरण प्रक्रिया भी निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित पाई गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से भी बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली, जिसमें किसी प्रकार की कमी या अनियमितता की पुष्टि नहीं हुई।
एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में गैस आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जिन पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन लगातार आपूर्ति व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी निरीक्षण जारी रहेंगे।

उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही स्टॉक और वितरण से संबंधित सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
