
अलीगंज
तहसील समाधान दिवस में अधिवक्ताओं का आक्रोश, राजस्व कार्यों में देरी पर सौंपा ज्ञापनदाखिल–खारिज, वरासत व संशोधन के मामलों में लापरवाही का आरोप, बार एसोसिएशन ने जताई नाराजगीतहसील समाधान दिवस के अवसर पर तहसील अलीगंज में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ आवाज बुलंद की।
बार एसोसिएशन अलीगंज के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी एटा को ज्ञापन सौंपकर दाखिल–खारिज, वरासत, संशोधन एवं कंप्यूटर फीडिंग से जुड़े कार्यों में हो रही गंभीर देरी की ओर ध्यान आकृष्ट करायाबार एसोसिएशन के नवागत अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि तहसील में दाखिल–खारिज की पत्रावलियां समय पर दर्ज नहीं की जा रही हैं,

जबकि शासनादेश के अनुसार 45 दिनों के भीतर इनका निस्तारण किया जाना चाहिए। इसके बावजूद कई मामलों में महीनों तक फाइलें लंबित रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंप्यूटर पर नंबर तीन–तीन महीने तक नहीं चढ़ाए जाते, जिससे वादकारियों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है।
अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वरासत से संबंधित फाइलें तहसीलदार स्तर पर लंबे समय तक लंबित रहती हैं। वहीं संशोधन के मामलों में लेखपाल समय से रिपोर्ट नहीं लगाते और फीडिंग भी निर्धारित समय पर नहीं हो पा रही है। इन अव्यवस्थाओं के कारण अधिवक्ताओं के साथ-साथ आम जनमानस के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

अधिवक्ताओं का कहना है कि राजस्व कार्यों में हो रही देरी से जनता में असंतोष बढ़ रहा है और तहसील का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि शासनादेश के अनुरूप सभी कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
