अलीगंज (एटा)।
अलीगंज शहर के मोहल्ला काजी स्थित मस्जिद से नमाज अदा कर बाहर निकले एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच अचानक विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और घायलों ने पथराव का भी आरोप लगाया है। घटना में दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों के घायल होने की सूचना है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नमाज के बाद मस्जिद परिसर के बाहर किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ा। घायल पक्ष अलीगंज कोतवाली पहुंचा, जहां पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया।

घायल रिहान ने बताया कि मस्जिद के अंदर हुई छोटी सी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और बाहर निकलते ही उन पर हमला कर दिया गया। वहीं घायल शाहनवाज ने बताया कि नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे, तभी विपक्षियों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
रिपोर्ट
दिलीप सिंह
