ड्रोन और पैदल मार्च से सख्त सुरक्षा घेरा: होली-रमजान को लेकर अलर्ट मोड में अलीगंज प्रशासन

संवेदनशील इलाकों में बढ़ी निगरानी, अधिकारियों ने लोगों से शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की

अलीगंज। होली और रमजान जैसे प्रमुख त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अलीगंज प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में ड्रोन कैमरों से निगरानी शुरू कर दी है, वहीं पुलिस अधिकारियों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च कर आमजन में सुरक्षा का विश्वास भी जगाया जा रहा है।

शनिवार को क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। गांधी चौराहा, किला रोड, नगला पड़ाव और सराय अड्डा जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से ऊपर से निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके।

ड्रोन कैमरों से मिली लाइव फुटेज के आधार पर पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने पैदल मार्च करते हुए दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया तथा त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। सीओ राजेश सिंह ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह, उप निरीक्षक मनीष, एसआई कपिल सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *