अलीगंज कस्बा जाम से बेहाल, भारी वाहनों से बढ़ी परेशानी

लोगो ने की प्रशासन से स्थायी समाधान की माँग

अलीगंज। अलीगंज कस्बा इन दिनों भारी जाम की समस्या से त्रस्त है। सुबह से लेकर देर रात तक मुख्य बाजार, अलीगंज तिराहा, बस स्टैंड और थाना रोड सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि कभी-कभी एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी जाम में फँस जाते हैं।

अलीगंजवासी स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे की सड़कें पहले से ही संकरी हैं, ऊपर से जब बड़े ट्रक और तंबाकू लदे ट्रैक्टर कस्बे के अंदर से गुजरते हैं तो पूरा ट्रैफिक ठप हो जाता है। मातादीन चौराहा, गांधी मूर्ति चौराहा, मोहल्ला काजी, तहसील रोड और किला रोड जैसे इलाकों में आए दिन भीषण जाम लगता है, जिससे आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

दुकानदारों का व्यापार ठप, ग्राहक नहीं पहुँच पा रहे बाजार

स्थानीय व्यापारी संजय अग्रवाल ने बताया, “हर दिन सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है। ग्राहक दुकान तक नहीं पहुँच पाते, जिससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। प्रशासन को जल्द ठोस कदम उठाना चाहिए।”

छात्र-छात्राओं को भी भारी परेशानी

स्कूली छात्रा साक्षी ने बताया कि स्कूल आने-जाने में बहुत दिक्कत होती है। कई बार बसें जाम में घंटों फँसी रहती हैं जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है।

कस्बावासियों ने की माँग, बाईपास से निकाले जाये भारी वाहन

कस्बे के नागरिकों ने सामूहिक रूप से प्रशासन से आग्रह किया है कि मुख्य बाजार से गुजरने वाले भारी वाहनों पर रोक लगाई जाए और “नो-एंट्री” व्यवस्था लागू की जाए साथ ही, अमरोली रोड और किला रोड से आने वाले ट्रकों को बाईपास मार्ग से निकाला जाए। व्यापारियों ने सुझाव दिया कि बाजार के लिए आने वाले ट्रकों को केवल रात 11 बजे के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाए, ताकि दिन के समय ट्रैफिक प्रभावित न हो।

उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने बताया कि “जनमानस की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निस्तारण किया जाएगा। भारी वाहनों का बाजार में प्रवेश जल्द ही प्रतिबंधित किया जाएगा और ट्रैफिक पुलिस को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित तैनात किया जाएगा।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *