तालाब में डूबने से बुआ-भतीजे की मौत, गांव में मचा कोहराम

कर्नलगंज, गोंडा। तहसील क्षेत्र के कटरा बाजार थाना अन्तर्गत सेल्हरी मंडप सूबेदार पुरवा गांव में एक हृदयविदारक हादसा हुआ। भैंसहा तालाब में डूबने से बुआ और भतीजे की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों में रवि उम्र करीब 10 वर्ष पुत्र दिनेश और राधिका पुत्री भगौती प्रसाद शामिल हैं। दोनों मृतक रिश्ते में बुआ-भतीजा थे।

घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक तालाब में दोनों के डूबने की जानकारी होते ही ग्रामीणों ने शोर मचाया और तालाब में उतरकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रवि का पिता दिनेश और राधिका के पिता भगौती प्रसाद सदमे में हैं। गांववासियों ने बताया कि तालाब गहरा है और बारिश के कारण पानी का स्तर बढ़ा हुआ था, जिससे हादसा हुआ।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद आकस्मिक दो मौतों की घटना से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने तालाब की सुरक्षा के लिए बाड़ लगाने और बच्चों को सतर्क करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *