नवयुग समाचार
बहराइच। जनपद बहराइच की तहसील महसी अंतर्गत थाना राम गांव क्षेत्र के रेहुआ मंसूर गांव में इन दिनों बाघ ग्रामीणों के लिए दहशत का पर्याय बन चुका है। गन्ने के खेतों में छिपे इस शिकारी को पकड़ने के लिए वन विभाग ने अब तकनीक और ताकत दोनों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।

संवाददाता आकाश मिश्रा की विशेष रिपोर्ट के अनुसार, पिछले तीन दिनों से इलाके में सक्रिय बाघ की सटीक लोकेशन ट्रेस कर ली गई है। वन विभाग द्वारा उड़ाए गए आधुनिक ड्रोन कैमरे में बाघ गन्ने के घने खेत के बीच निडर बैठा साफ दिखाई दिया, जिसके बाद विभाग ने रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेज कर दिया है।
सांड के शिकार के बाद बढ़ा खौफ

ग्रामीणों में भय का माहौल उस समय और गहरा गया, जब तीन दिन पूर्व इसी बाघ ने एक सांड को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद से किसान खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पिंजरा लगाया, चारे की व्यवस्था
बाघ की मौजूदगी की पुष्टि होते ही वन विभाग ने मौके पर मजबूत पिंजरा लगवा दिया है। बाघ को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए पिंजरे में चारा भी रखा गया है, ताकि किसी भी
प्रकार की जनहानि न हो।
ग्राउंड जीरो पर वन विभाग, पुलिस भी तैनात
ग्राउंड जीरो पर वन विभाग की कई टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। ड्रोन के जरिए बाघ की हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
प्रशासन की सख्त अपील
वन विभाग के अधिकारियों ने संवाददाता आकाश मिश्रा के माध्यम से ग्रामीणों से अपील की है कि—
पिंजरे के आसपास भीड़ न लगाएं।
शाम ढलते ही घरों में सुरक्षित रहें।
मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांधें।
किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या प्रशासन को सूचना दें।
फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ड्रोन की नजरों में कैद यह बाघ कब तक पिंजरे में आता है और ग्रामीणों को राहत कब मिलेगी।
