संगठित नेटवर्क बनाकर लोगों के खातों से करोड़ों की साइबर ठगी, पुलिस की सख्त कार्रवाई
बहराइच।
जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहराइच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 6 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक महिंद्रा कंपनी की सफेद XUV700 कार, 7 मोबाइल फोन, एक पूर्व हस्ताक्षरित चेकबुक, नोट गिनने की मशीन और ₹15,40,000 नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध से जुड़े हॉटस्पॉट्स पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल अधिकारी साइबर क्राइम) दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नगर/अपराध नारायण दत्त मिश्र के पर्यवेक्षण में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक रणजीत यादव और सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
मो. कैफ खान, नूर अहमद, अर्शियान उर्फ सुहेल, मो. आमिर, सत्येन्द्र चौहान और रामजी यादव को राजापुर माफी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा जा रहा है।

ऐसे करते थे साइबर ठगी:
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था। आरोपी पहले लोगों को लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते या उनके पुराने खातों का इस्तेमाल करते थे। इसके बाद साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि इन खातों में मंगाई जाती थी।
खाताधारकों को कमीशन दिया जाता था, जबकि बाकी रकम को पहले से साइन कराए गए चेक के जरिए तुरंत निकाल लिया जाता था, ताकि शिकायत दर्ज होने से पहले ही पैसा साफ किया जा सके। इस पूरे नेटवर्क में मो. आमिर खातों के प्रबंधन का काम करता था, जबकि अन्य आरोपी लेन-देन और रकम निकालने में शामिल थे।
बरामदगी:
महिंद्रा XUV700 कार
7 मोबाइल फोन
पूर्व हस्ताक्षरित चेकबुक
नोट गिनने की मशीन
₹15,40,000 नकद
साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस की अपील:
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच या अनजान कॉल/मैसेज से सावधान रहें। ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
इस कार्रवाई से साफ है कि बहराइच पुलिस साइबर अपराध पर नकेल कसने के लिए लगातार सक्रिय है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
