अलीगंज ।
तहसील अलीगंज क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर कोट निवासी एक विधवा महिला द्वारा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अलीगंज शाखा के कैशियर पर 3,000 रुपये छीनने का लगाया गया आरोप जांच में निराधार पाया गया है।
मामले को लेकर महिला ने उपजिलाधिकारी अलीगंज को प्रार्थना पत्र दिया था, जिस पर उन्हें कोतवाली अलीगंज भेजते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए थे।
प्रार्थना पत्र के अनुसार तुलसा देवी पत्नी स्वर्गीय श्री सुवेदार का खाता संख्या 130210400019337 उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अलीगंज शाखा में है।

महिला का आरोप था कि 22 जनवरी 2026 को विधवा पेंशन की राशि निकालते समय बैंक कैशियर ने 3,000 रुपये रोक लिए और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण का हवाला देकर रकम लौटाने से मना कर दिया।
मामले पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अलीगंज ब्रांच के मैनेजर छविराम ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में आने के बाद तत्काल खाते की जांच कराई गई।
जांच में एक माह की पूरी ट्रांजैक्शन डिटेल खंगाली गई, जिसमें आरोपित तिथि पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अतिरिक्त ट्रांजैक्शन नहीं पाई गई। बैंक प्रबंधन के अनुसार उपभोक्ता द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं।
वहीं इस संबंध में अलीगंज के प्रभारी थाना अध्यक्ष जयवीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को बैंक भेजकर संबंधित खाते छकी जांच कराई गई थी। जांच के दौरान प्रार्थना पत्र में लगाए गए सभी आरोप गलत और निराधार पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में कोई भी अनियमितता सामने नहीं आई है।
