अलीगंज | थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम तमरौरा में आलू की फसल में भारी नुकसान से आहत एक किसान ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। होली जैसे पर्व से ठीक पहले हुई इस दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

खेत से लौटने के बाद उठाया कदम
मृतक की पहचान सोपवीर (35) पुत्र शिव सिंह निवासी तमरौरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सोपवीर अपने खेत पर गए थे, जहां उन्होंने आलू की फसल में भारी नुकसान देखा। आर्थिक चिंता और मानसिक तनाव के चलते वह काफी परेशान थे। घर लौटने के बाद उन्होंने अंदर कमरे में जाकर घर में रखे असलाह से अपनी कनपटी पर गोली मार ली।
पकवान बन रहे थे, तभी गूंजी गोली
मृतक की पत्नी वीनू देवी ने बताया कि होली का त्यौहार नजदीक होने की वजह से घर में पकवान बनाए जा रहे थे। उनकी सास कमलेश कुमारी आंगन लीप रही थीं। इसी दौरान अचानक कमरे से गोली चलने की तेज आवाज आई।
आवाज सुनकर जब वे अंदर पहुंचे तो सोपवीर लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़े थे। आनन-फानन में परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

दो मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
वीनू देवी ने बताया कि उनके दो छोटे बच्चे—शिवांशु और मानवी—हैं। पिता की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर अचानक आए इस संकट से घर में मातम का माहौल है।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वहीं सूचना मिलने पर अलीगंज विधायक के पुत्र सूरज सिंह राठौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
गांव में पसरा सन्नाटा
होली से पहले जहां घर-घर में उत्सव की तैयारी चल रही थी, वहीं तमरौरा गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों का कहना है कि फसल नुकसान और बढ़ती आर्थिक चुनौतियां किसानों के लिए बड़ी चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
मामले पर थाना नयागांव के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया घटना की सूचना अभी प्राप्त हुई है सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पर पुलिस टीम को भेजा जा रहा है मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही अलीगंज क्षेत्राधिकार राजेश कुमार सिंह और कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पर पहुंची है जहां परिजनों से उन्होंने जानकारी जुटा है साथ ही सबको कब्जे में लेकर पंचायत नाम की प्रक्रिया पुलिस ने शुरू कर दी है वही चित्र अधिकारी अलीगंज राजेश कुमार ने बताया मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
