सरदार पटेल जयंती पर अलीगंज में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, पदयात्रा के बाद विशाल जनसभा

बिहार में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर दी बधाई, गूंजे देशभक्ति के स्वर

बिहार की जनता ने जंगलराज के अंत का निर्णय सुनाया- महेश्वरी

अलीगंज। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर रविवार को एसपीएस रिसॉर्ट में भव्य कार्यक्रम और विशाल जनसभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम से पूर्व नगर में एक भव्य पदयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पदयात्रा एसपीएस रिसॉर्ट से प्रारंभ होकर सराय रोड, मातादीन चौराहा, गांधी मूर्ति चौराहा, नागला पड़ाव, विजैयदपुर, मितौलिया, बाईपास कोल्ड स्टोर, सराय अड्डा होते हुए पुनः एसपीएस रिसॉर्ट पर संपन्न हुई।

इसके पश्चात भारी जनसभा को संबोधित किया गया इसी के साथ कांग्रेस नेत्री मिथलेश और महिला सेविका ललितरानी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मंच संचालन गोपाल शर्मा ने किया।

सदस्य विधान परिषद रजनीकांत माहेश्वरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बिहार में भाजपा की ऐतिहासिक विजय पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले लौह पुरुष सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाना हम सभी का कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य कर रही है, और बिहार में 85 प्रतिशत सीटों पर मिली अभूतपूर्व जीत इसका प्रमाण है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता सबक देना जानती है और बिहार की जनता ने जंगलराज के अंत का निर्णय सुनाया है।

सांसद मुकेश राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने ब्रिटिश सरकार द्वारा किसानों पर लगाए गए टैक्स का कड़ा विरोध किया था, जिसके आगे अंग्रेज सरकार को झुकना पड़ा। किसानों के हितों की रक्षा करने के कारण ही उन्हें ‘सरदार’ की उपाधि मिली थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं इतनी व्यापक और जनहितकारी हैं कि उन्हें गिनाने में भी समय कम पड़ जाए।

क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और गुंडाराज पूरी तरह समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि बिहार के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की।

जिला महामंत्री कुमारी आशीष राजपूत ने स्वदेशी अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना आवश्यक है। कार्यक्रम में आए अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

विधान परिषद सदस्य रजनीकांत महेश्वरी, सांसद मुकेश राजपूत, विधायक सत्यपाल सिंह राठौड़, सांसद प्रतिनिधि अंकुर राजपूत, जिला महामंत्री कुमारी आशीष राजपूत, सुरजीत गुप्ता, पूर्व चेयरमैन बृजेश गुप्ता, डिंपल राठौर, जीतू राठौर, गोपाल शर्मा, लोकपाल शाक्य, डॉ. अशोक रतन शाक्य, निलेश और नवीन राजपूत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *