जमीन के पैसे के विवाद में बेटे का खूनी तांडव, माता-पिता समेत चार की हत्या; पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल निरीक्षण


रूपईडीहा (बहराइच)। थाना रूपईडीहा क्षेत्र के ग्राम बसन्तपुर रूदल में जमीन बिक्री के पैसों को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने सोमवार तड़के भयावह रूप ले लिया। आवेश में आए युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने ही माता-पिता, दादी व बहन की हत्या कर दी, जबकि बड़े भाई को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।


पुलिस के अनुसार गुरूदेव पुत्र बदलू वर्मा निवासी बसन्तपुर रूदल (रामगांव) ने प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा को दी तहरीर में बताया कि 01/02 मार्च की रात करीब 12 बजे शोर सुनकर बाहर आने पर देखा कि उसका छोटा भाई निरंकार जमीन व गहनों की बिक्री का पैसा न मिलने से नाराज होकर परिवार से विवाद कर रहा था। इसी दौरान उसने कुल्हाड़ी से हमला कर पिता बदलू राम (60 वर्ष), माता संजू देवी (56 वर्ष), बहन पार्वती (लगभग 42 वर्ष) तथा दादी सिताला देवी (80 वर्ष) को मौत के घाट उतार दिया।


हमले के दौरान आरोपी ने गुरूदेव के सिर पर भी कुल्हाड़ी से वार कर उसे घायल कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस बीच आरोपी ने खुद के सिर पर ईंट मारकर स्वयं को भी घायल कर लिया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी निरंकार को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल बहराइच में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर किया गया है। घायल गुरूदेव का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा में चल रहा है।


मामले में थाना रूपईडीहा पर मु0अ0सं0 41/2026 धारा 103(1)/109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बहराइच द्वारा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया तथा फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कराई गई। अधिकारियों को निष्पक्ष एवं गहन जांच के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन बिक्री के पैसों को लेकर हुए विवाद में आरोपी द्वारा घटना को अंजाम देना सामने आया है। सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विवेचना की जा रही है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *