बूथ दिवस विशेष अभियान: बीएलए-1 ने गांव-गांव चौपाल लगाकर मतदाताओं को किया जागरूक

नए मतदाताओं के फॉर्म भरवाए, 6 फरवरी तक नाम दर्ज कराने की अपील

अलीगंज बूथ दिवस के अवसर पर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आज बीएलए-1 एवं जिला महामंत्री कुमारी आशीष राजपूत ने हरसिंहपुर, कालिंजर, मिहुता और फर्दपुरा गांवों में चौपाल लगाकर लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को मतदान के महत्व और मतदाता बनने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।

चौपाल कार्यक्रमों में विशेष रूप से युवा मतदाताओं, पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों और नवविवाहित महिलाओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। बीएलए-1 कुमारी आशीष राजपूत ने मौके पर ही नए मतदाताओं से फॉर्म-6 भरवाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान अधिकार से वंचित न रह जाए।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने की अंतिम तिथि 6 फरवरी निर्धारित की गई है, ऐसे में सभी पात्र नागरिक समय सीमा के भीतर आवेदन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति नागरिक का महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही लोकतंत्र मजबूत होता है।

चौपाल के दौरान मौजूद लोगों ने अभियान की सराहना की और अधिक से अधिक लोगों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में कुमारी आशीष राजपूत ने संबंधित बीएलओ एवं सहयोगी कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की अपील की, ताकि क्षेत्र में शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जा सके। दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *