मारपीट व जानलेवा हमले के दो मामलों में मुकदमे दर्ज

महिला से लाठी-डंडे से पिटाई, युवक पर कुल्हाड़ी से हमला- पुलिस जांच में जुटी

गोंडा। जिले के कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट और जानलेवा हमले की दो गंभीर घटनाओं में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पहला मामला ग्राम बरबटपुर के मजरा साईं तकिया का है, जहां निवासी अनीशा पत्नी इंसान अली की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

तहरीर के अनुसार बीते 4 जनवरी की शाम करीब 8 बजे बच्चों के विवाद को लेकर अरुण, आलम जमील व शहबान समेत चार लोग गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से अनीशा की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी जेठानी रूफून को भी आरोपियों ने पटककर मारपीट की। शोर-शराबा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

दूसरा मामला ग्राम नूरपुर का है, जहां पुरानी रंजिश को लेकर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित के भतीजे विमल कुमार शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने प्रदीप कुमार शुक्ला निवासी ग्राम नूरपुर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है तहरीर के अनुसार बीते 4 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे वेद प्रकाश शुक्ला राम गोपाल के दरवाजे के पास खड़े थे, तभी आरोपी प्रदीप कुमार शुक्ला कुल्हाड़ी लेकर पीछे से पहुंचा और उनके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया।

हमले में वेद प्रकाश शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कर्नलगंज ने बताया कि दोनों मामलों में तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। मामलों की जांच की जा रही है तथा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *