वन विभाग की छापेमारी में रंगे हाथ पकड़ा गया युवक, धारा 9/51 व 9/39 में मुकदमा दर्ज
एटा। जनपद के नया गांव थाना क्षेत्र के नगला चंदी गांव में राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार और उसे पकाने का गंभीर मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी चरण सिंह उर्फ गोलू पुत्र सरमन को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
वन कर्मियों को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में एक युवक ने मोर का शिकार कर लिया है। सूचना पर सक्षम त्रिपाठी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि आरोपी घर के बाहर चूल्हे पर मोर को पका रहा था। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

मौके से मोर के जले हुए पंख, भगोने में पक रहे अंग और खून से सना चाकू बरामद किया गया। वन विभाग ने तत्काल नया गांव थाना पुलिस को सूचना देकर लिखित तहरीर सौंपी।
वन विभाग की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9/51 व 9/39 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि मोर देश का राष्ट्रीय पक्षी है और उसका शिकार करना गंभीर एवं दंडनीय अपराध है। आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग की टीम में वन रक्षक सचिन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, उजीर सिंह एवं समरपाल भी मौजूद रहे। विभाग ने चेतावनी दी है कि संरक्षित वन्यजीवों के शिकार या तस्करी में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
