पांचों न्यू पीएचसी पर आज आयोजित हुआ मुख्यमंत्री जनारोग्य मेला, अधिकारियों ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त


अलीगंज। मुख्यमंत्री जनारोग्य मेला आज रविवार को जनपद एटा के सभी पांचों न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित किया गया। मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया गया, जिससे स्वास्थ्य कर्मियों में सक्रियता बनी रही।


एटा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद के निर्देशन में निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस क्रम में चिकित्साधिकारियों द्वारा चार न्यू पीएचसी का निरीक्षण किया गया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शिव कुमार राजपूत ने न्यू पीएचसी अलीपुर एवं राजा का रामपुर न्यू पीएचसी पहुंचकर मुख्यमंत्री जनारोग्य मेले की व्यवस्थाओं को परखा।


निरीक्षण के दौरान दोनों केंद्रों पर पंजीकरण काउंटर, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, जांच पटल, दवा वितरण एवं आयुष्मान गोल्डन कार्ड से संबंधित सभी पटल लगे हुए पाए गए। स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होती मिलीं और व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से दुरुस्त पाई गईं।


इससे पहले आज आयोजित मुख्यमंत्री जनारोग्य मेले में भदकी, अलीपुर, नयागांव एवं राजा का रामपुर न्यू पीएचसी शामिल रहे। सभी केंद्रों पर ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था चालू थी और मरीजों को ब्लड प्रेशर, शुगर, टीबी स्क्रीनिंग सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाएं प्रदान की गईं।


निरीक्षण के दौरान भदकी उपकेंद्र पर एक सीएचओ अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि यदि दो कार्य दिवस के भीतर जवाब नहीं दिया गया, तो संबंधित कर्मचारी का एक दिन का वेतन काटने की कार्यवाही की जाएगी।


निरीक्षण एवं कार्यक्रम के दौरान आर्यन सक्सेना भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री जनारोग्य मेला शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी को सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और समीक्षा लगातार जारी रहेगी।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *