राष्ट्रीय बालिका दिवस पर गोंडा पुलिस की सराहनीय पहल

कुंवर पिक्चर पैलेस में CCI के बच्चों को दिखाई गई देशभक्ति फ़िल्म ‘बॉर्डर-2’

गोंडा। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर गोंडा पुलिस द्वारा एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल की गई। गोंडा पुलिस के सौजन्य से नगर स्थित कुंवर पिक्चर पैलेस में बाल देख-रेख संस्थान (सीसीआई) के लगभग 50 बच्चों को देशभक्ति से ओत-प्रोत फ़िल्म ‘बॉर्डर-2’ दिखाई गई।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों के भीतर देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और भारतीय सेना के साहस, शौर्य व बलिदान के प्रति सम्मान की भावना को जागृत करना था। फ़िल्म के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि देश की सुरक्षा के लिए हमारे जवान किस प्रकार अपना सर्वस्व न्योछावर करते हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ़ झलक रही थी। फ़िल्म देखते समय बच्चों ने पूरे जोश के साथ देशभक्ति के दृश्यों का आनंद लिया और कई दृश्यों पर तालियों के साथ उत्साह व्यक्त किया।

इस अवसर पर गोंडा पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, महिला अधिकारी, तथा सीसीआई की देख-रेख से जुड़ी टीम भी मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के मानसिक विकास, आत्मविश्वास और मनोबल को बढ़ाने में सहायक होते हैं। साथ ही समाज की मुख्यधारा से जुड़े इन बच्चों को सकारात्मक वातावरण प्रदान करना पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।

इस पहल से बच्चों को न केवल एक यादगार अनुभव मिला, बल्कि उनमें अपनी मातृभूमि के प्रति गर्व और सम्मान की भावना भी और अधिक मजबूत हुई। गोंडा पुलिस की यह पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है और अन्य संस्थाओं के लिए भी एक प्रेरणास्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *