वजीरगंज ग्राम पंचायत में लगी ग्राम चौपाल, राशन कार्ड की शिकायतें रहीं प्रमुख

गोंडा। जिले की वजीरगंज ग्राम पंचायत में जन समस्याओं के निस्तारण हेतु ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और ग्रामीणों की शिकायतें सुनकर मौके पर समाधान करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग, जिला प्रशिक्षण अधिकारी/खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी तथा आंगनबाड़ी सुपरवाइजर उपस्थित रहीं।

बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं शिकायतकर्ता अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। चौपाल में सबसे अधिक शिकायतें राशन कार्ड से संबंधित दर्ज की गईं। कुल 26 शिकायतें राशन कार्ड को लेकर प्राप्त हुईं, लेकिन संबंधित विभाग का कोई प्रतिनिधि मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे इन शिकायतों का तत्काल निस्तारण नहीं हो सका। इसके अलावा पेंशन न मिलने की 18 शिकायतें, फार्मर रजिस्ट्री की 9, किसान सम्मान निधि की 16 तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित 35 आवेदन/शिकायतें दर्ज की गईं।

राशन कार्ड संबंधी शिकायतों को छोड़कर शेष अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए और लाभार्थियों को आश्वस्त किया कि लंबित मामलों का शीघ्र समाधान किया जाएगा। चौपाल में आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

अधिकारियों के अनुसार, ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव में ही शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के अंत में अधिकांश लोग अपनी समस्याओं के समाधान से संतुष्ट नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *