
संतकबीरनगर ।जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को मेहदावल तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को शासन की प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनपद की तीनों तहसीलों में कुल 117 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 18 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि 13 प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम गठित की गई।
मेहदावल तहसील में 46 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 08 मामलों का तत्काल निस्तारण कराया गया तथा 05 मामलों में स्थलीय जांच के निर्देश दिए गए। कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई, जिन्होंने थानाध्यक्षों को मौके पर जाकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
धनघटा तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में 42 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें 05 का निस्तारण मौके पर किया गया। वहीं खलीलाबाद तहसील में अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश की अध्यक्षता में 29 प्रकरणों की सुनवाई हुई, जिनमें 05 मामलों का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि ही समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
