जनपद के तीनों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन

मेंहदावल में पुलिस अधीक्षक, धनघटा में सीडीओ, खलीलाबाद में उपजिलाधिकारी ने सुनी फरियादिंयों की शिकायतें

विधायक मेंहदावल व पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण अभियान के तहत तहसील परिसर में किया गया पौधरोपड़

संतकबीरनगर ।मेंहदावल तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने फरियादियों की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए मौके पर उपस्थित सम्बंधित विभागीय अधिकारी/कर्मचारी को बुलाकर तत्काल अथवा निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी उत्कर्ष श्रीवास्तव द्वारा राजस्व विभाग से सम्बंधित प्रकरणों को निस्तारित किये जाने हेतु सम्बंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया। आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक नें कहा कि अधिकारीगण सम्बंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जा कर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि थाना से सम्बंधित प्रकरण को थानाध्यक्ष एवं तहसीलदार स्वंय मौके पर जाकर निस्तारण कराये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों को सुनते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शिकायतों के त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के प्रति शासन बेहद संवेदनशील हैं, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही न किया जाये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जन सुनवाई के उपरान्त मा0 विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 रामानुज कन्नौजिया, प्रभागीय वनाधिकारी अशोक कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी मेंहदावल उत्कर्ष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण अभियान के तहत तहसील परिसर में पौधरोपड़ किया गया। मेंहदावल तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 51 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें से 06 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारित कर दिया गया, शेष प्रार्थना पत्रों को पुलिस अधीक्षक एवं उप जिलाधिकारी द्वारा सम्बंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर तहसीलदार आनन्द कुमार ओझा सहित सम्बन्धित अधिकारीगण राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे। धनघटा तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्व निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण सम्बंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप फरियादियों की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाये जाने अथवा सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी द्वारा ससमय संज्ञान न लेने को गम्भीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारी/कर्मचारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। धनघटा तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 49 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें से 01 प्रार्थना पत्र का मौके पर निस्तारित कर शेष प्रार्थना पत्रों को जिलाधिकारी द्वारा सम्बंधित अधिकारियों को अंतरित करते हुए निस्तारण करने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी धनघटा रमेश चन्द्र, तहसीलदार योगेन्द्र पाण्डेय, नायब तहसीलदार हरेराम यादव सहित तहसील से सम्बंधित अधिकारी, राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।

इसी क्रम में खलीलाबाद तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई उप जिलाधिकारी शैलेश कुमार दूबे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। उन्होंने विभिन्न मामलों से सम्बंधित एक-एक कर फरियादियों के समस्याओं को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया, उन्होंने कहा कि मामलों के निस्तारण में स्थलीय जांच एवं अन्य कार्यवाही आदि के दौरान अधिकारीगण शिकायतकर्ता के साथ अच्छा व्यवहार करें तथा दोनो पक्षों की पूरी बात को अवश्य सुने। तहसील खलीलाबाद में कुल 50 प्रार्थना पत्र आये जिसमें से मौके पर 01 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कर शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए अबिलम्ब निस्तारण कराये जाने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर ब्रजेश सिंह, तहसीलदार जनार्दन, नायब तहसीलदार प्रियंका तिवारी सहित राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!