अलीगंज में गौ संरक्षण को मिली मजबूती, एसडीएम ने किया वृहद गौशाला का निरीक्षण

छुट्टा पशुओं को पकड़कर संरक्षण के निर्देश, 6 माह का भूसा भंडारण करने को कहा

अलीगंज उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता द्वारा वृहद गौ संरक्षण केंद्र किनौड़ी खैराबाद का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गौशाला की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया, जहां वर्तमान में 240 गोवंश संरक्षित पाए गए। अधिकारियों ने गोवंशों के खान-पान, स्वास्थ्य और देखरेख की स्थिति को संतोषजनक पाया।

निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि गौशाला में गोवंशों को साइलेज, हरा चारा एवं दान के माध्यम से नियमित रूप से गौवंशों को चारा उपलब्ध कराया जा रहा है। भूसा और पानी की व्यवस्था भी पूरी तरह से दुरुस्त पाई गई। सभी गोवंश स्वस्थ नजर आए। उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में जो भी छुट्टा गोवंश सड़कों और खेतों में घूमते नजर आ रहे हैं, उन्हें तत्काल पकड़कर गौशाला में संरक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे जहां किसानों की फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, वहीं गोवंशों को भी सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।

गौशाला की क्षमता का उल्लेख करते हुए एसडीएम ने बताया कि इस केंद्र में कुल 400 गोवंशों को संरक्षित किया जा सकता है, जबकि वर्तमान में 240 गोवंश ही मौजूद हैं। ऐसे में शेष क्षमता का उपयोग करते हुए अधिक से अधिक छुट्टा गोवंशों को यहां लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम प्रधान व संबंधित जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि आगामी 6 माह के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा खरीदकर गौशाला में सुरक्षित रखा जाए, ताकि किसी भी स्थिति में चारे की कमी न होने पाए साथ ही दानदाताओं को भी प्रेरित करने के निर्देश दिए गए कि वे गोवंशों के लिए भूसा व अन्य आवश्यक सामग्री का दान करें। निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविकांत, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ऋषि यादव, ग्राम प्रधान व गौशाला के केयरटेकर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *