
हर साल एक ही जगह कट रही नहर, किसानों की चेतावनियां बेअसर

नहर विभाग की लापरवाही पर भड़के किसान, स्थायी समाधान की मांग

संतकबीरनगर। सांथा ब्लॉक के बेलराई गांव में सरयू नहर की कटान ने एक बार फिर किसानों की कमर तोड़ दी। शनिवार देर रात नहर टूटने से आसपास के खेतों में पानी भर गया और लगभग 100 बीघा में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई। इस घटना से दर्जन भर से अधिक किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।
ग्रामीणों के अनुसार सरयू नहर खंड-3 की यह शाखा, जो धर्मसिंहवा होते हुए बेलराई गांव के पास से गुजरती है, हर वर्ष इसी स्थान पर कट जाती है। किसानों का कहना है कि नहर की कमजोर पटरी और समय पर मरम्मत न होना इस समस्या का मुख्य कारण है, लेकिन विभागीय अधिकारी हर बार केवल अस्थायी मरम्मत कर मामले को टाल देते हैं।किसान राम संवारे राय, शैलेंद्र राय, वकील मुर्तजा मोहम्मद हुसैन, अशोक राय, राजेंद्र राय, भूरे समेत अन्य लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार नहर विभाग को संभावित खतरे से आगाह किया, इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।नतीजतन इस बार भी रात के समय नहर कट गई और मेहनत से उगाई गई फसल पानी में बह गई।रविवार शाम तक न तो नहर का पानी रोका जा सका और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा। इससे नाराज किसानों ने विभाग के खिलाफ रोष जताते हुए तत्काल पानी बंद कराने, कटान रोकने और भविष्य में स्थायी समाधान की मांग की है।
