बहराइच |
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर बहराइच पहुंचे। मिहींपुरवा तहसील के भरतापुर गांव में उन्होंने 136 विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की योजना का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में विकास केवल एक परिवार तक सीमित था। उस समय सरकारें जातीय आधार पर काम करती थीं, सरकारी खजाने की लूट होती थी और माफियाओं को संरक्षण दिया जाता था।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार “सेवा, संवेदना और समाधान” के मंत्र पर कार्य कर रही है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

नाव हादसे के बाद लिया गया निर्णय
मुख्यमंत्री ने नवंबर 2025 में सरयू नदी में हुए नाव हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना में 9 लोगों की मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद उन्होंने स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां पाया कि कई परिवार घने जंगलों और खतरनाक परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं। इसके बाद इन परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने का निर्णय लिया गया।

21.55 करोड़ की लागत से बनेगी कॉलोनी
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 21.55 करोड़ रुपये की लागत से इन परिवारों का पुनर्वास किया जा रहा है। प्रत्येक परिवार को 748 वर्गफुट जमीन का पट्टा, आवास निर्माण के लिए लगभग 17.70 लाख रुपये तथा अन्य सुविधाओं के लिए 3.55 लाख रुपये प्रदान किए जा रहे हैं।
नई कॉलोनी में सड़क, पेयजल, बिजली, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और पार्क जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं सुनियोजित ढंग से किया जाए।

नवरात्रि तक गृह प्रवेश का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि शारदीय नवरात्रि तक कॉलोनी का निर्माण पूर्ण कर लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराया जाए।
कनेक्टिविटी और कानून-व्यवस्था पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि बहराइच से लखनऊ तक की सड़क कनेक्टिविटी में सुधार किया गया है और भविष्य में यह सफर 45 मिनट में पूरा करने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और माफियाओं को संरक्षण मिलता था, लेकिन वर्तमान सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जा रहे हैं।
सभी वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जाति के आधार पर नहीं, बल्कि संवेदना के आधार पर काम करती है। यादव, दलित, अनुसूचित जाति सहित सभी वर्ग सरकार के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, विधायक पदमसेन चौधरी, डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, सरोज सोनकर, सुरेश्वर सिंह, सुभाष त्रिपाठी, अनुपमा जायसवाल,राम निवास वर्मा ,सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
