
संतकबीरनगर। धर्मसिंहवा थाना परिसर में रविवार को होली और रमजान के मद्देनजर पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा ने की। इसमें दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर त्योहारों को आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि होली शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग में पड़ने वाली मस्जिदों पर एहतियातन तंबू लगाए जाएंगे, ताकि किसी प्रकार की असहज स्थिति उत्पन्न न हो और सामाजिक समरसता बनी रहे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न कराना है।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि होली के दौरान डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यदि कहीं डीजे बजाते हुए पाया गया तो आयोजकों व जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।थानाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि शराब पीकर हुड़दंग करने, शांति भंग करने या माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब कायम रह सके।बैठक में पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र पांडेय, जिला पंचायत सदस्य अकबाल अंसारी, नजमुद्दीन अंसारी, दिलीप निषाद, मुज़म्मिल अंसारी, वसी अहमद, प्रकाश कन्नौजिया, राहुल शुक्ला, सुधांशु शुक्ला, रामचंद्र शुक्ला, गोलू राय सहित अनेक गणमान्य नागरिक व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
