पीएम श्री युग्मन योजना के तहत बच्चों का शैक्षिक भ्रमण, आधुनिक सुविधाओं से हुए रूबरू


अलीगंज।
शासन की मंशा के अनुरूप पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालयों के युग्मन कार्यक्रम के तहत बुधवार को बच्चों को शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान पीएम श्री संविलियन विद्यालयों के बच्चों का युग्मन अलीगंज स्थित जीडी इंटरनेशनल स्कूल के साथ किया गया, जहाँ बच्चों ने उच्च माध्यमिक स्तर की शैक्षिक सुविधाओं को नजदीक से देखा और समझा।


युग्मन कार्यक्रम के अंतर्गत अलीगंज ब्लॉक के तीन चयनित विद्यालय—कम्पोजिट विद्यालय राजा का रामपुर, कम्पोजिट विद्यालय अलीगंज तथा कम्पोजिट विद्यालय मोहम्मद नगर बझेरा—के छात्र-छात्राओं ने जीडी इंटरनेशनल स्कूल का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान बच्चों को विद्यालय की पुस्तकालय, खेलकूद सुविधाओं तथा भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान की प्रयोगशालाओं का अवलोकन कराया गया।

प्रयोगशालाओं में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों व मॉडलों को देखकर बच्चे विशेष रूप से उत्साहित दिखाई दिए।
विद्यालय आगमन पर पीएम श्री विद्यालयों से आए बच्चों एवं स्टाफ का जीडी इंटरनेशनल स्कूल के शिक्षकों द्वारा स्वागत किया गया। इसके पश्चात शिक्षकों ने बच्चों को विभिन्न कक्षाओं में चल रहे पठन-पाठन, शिक्षण-अधिगम सामग्री तथा बैठने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी।


इस अवसर पर कायाकल्प प्रभारी सत्य प्रताप सिंह राठौड़ ने कहा कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत युग्मन का उद्देश्य बच्चों को विभिन्न विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों से परिचित कराना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना है। इससे बच्चों में जिज्ञासा और सीखने की प्रवृत्ति विकसित होती है।


वहीं खंड शिक्षाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि युग्मन कार्यक्रम से विद्यालयों के बीच आपसी समन्वय बढ़ता है और बच्चों को उच्च स्तर की शैक्षिक सुविधाओं का अनुभव मिलता है, जो उनके शैक्षणिक विकास में सहायक सिद्ध होता है।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कम्पोजिट विद्यालय अलीगंज की प्रधानाचार्य ऊषा चौहान, शिक्षक नीलम, तथा कम्पोजिट विद्यालय मोहम्मद नगर बझेरा से रुचि मिश्रा और अनुपम श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *