गावों में चौपाल लगाकर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए किया प्रेरित

मतदाता जागरूकता अभियान के तहत गांव-गांव पहुंचीं बीएलए-1, किया जागरूक

अलीगंज। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष मतदाता जागरूकता अभियान के तहत बीएलए-1 एवं जिला महामंत्री कुमारी आशीष राजपूत ने विधानसभा अलीगंज क्षेत्र के गलापुर, देहलिया और कालिंजर गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया।

चौपाल कार्यक्रम के दौरान कुमारी आशीष राजपूत ने ग्रामीणों को मतदान के महत्व, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा नाम हटवाने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, 18 वर्ष पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं, पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों और नवविवाहित महिलाओं से आगे आकर मतदाता बनने की अपील की। इस दौरान पात्र नागरिकों से मौके पर ही फॉर्म-6 भरवाए गए, जिससे अधिक से अधिक लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।

बीएलए-1 कुमारी आशीष राजपूत ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने की अंतिम तिथि 6 फरवरी निर्धारित की गई है। ऐसे में सभी पात्र नागरिक समय रहते आवेदन कर अपने मताधिकार को सुरक्षित करें। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था सशक्त बनती है।

चौपाल में मौजूद ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए अन्य लोगों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में कुमारी आशीष राजपूत ने बीएलओ एवं सहयोगी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर अभियान को और प्रभावी ढंग से चलाने की अपील की, ताकि विधानसभा क्षेत्र में शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *